Total Pageviews

Saturday, February 12, 2011

Feedback from Mahavir Uttaranchali ji....

’सृजन से’ का जुलाई-सितम्बर 2010 अंक देखा। साहित्यिक पत्रिका निकालने के लिए आपको तथा पूरी टीम को बधाई। कहानियाँ, कविताएँ, लेख, साक्षात्कार सभी स्तरीय हैं। कला-संस्कृति के माध्यम से आपने गढ़वाल के बाल लोक साहित्य से अवगत कराया, धन्यवाद।

महावीर उत्तरांचली
वसुन्धरा इनक्लेव (दिल्ली)

Feedback from Sriram Tiwari ji...

पत्रिका में रचनाओं की सचित्र प्रस्तुति उसे आकर्षक और पठनीय बना देती है। सामग्री का चयन सूझ-बूझ के साथ किया गया है। डा0 रमानाथ त्रिपाठी ने रवीन्द्र नाथ ठाकुर की कविता की व्याख्या की है उसमें एक छोटी बच्ची का चित्र उभर कर आता है वह मर्मस्पर्शी है। श्री भरत पटेल का लेख ज्ञानवर्धक और रोचक है।

श्रीराम तिवारी
ग्वालियर (म0प्र0)

Feedback from Bhagwat Prasad ji....

’सृजन से’ का स्मृति अंक मिला। विभिन्न साहित्यकारों के संस्मरण पढ़ने को मिले। यदि मुझे इसकी सूचना मिलती तो मैं भी कुछ भेजता। मेरे संस्मरण अतीत की झलकियां शीर्षक से छपे हैं। द्वितीय संस्करण निकल चुका है। अब में 91 वर्ष का हूँ। इस लम्बी जीवन यात्रा में क्या कुछ नहीं देखा, पढ़ा और सुना। कुछ लिखा बहुत कुछ अनलिखा रह गया है। अब तो इस यात्रा का अंतिम पड़ाव है। स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता अतः लेखन कम हो गया है। पत्रिका के सभी स्तम्भ आकर्षक हैं। नारी-विमर्श पर चर्चा तो बहुत हो रही है पर काम कम। हमें महादेवी वर्मा, गौरा पंत शिवानी की आवश्यकता है, राखी सावंत की नहीं। मैं अहमदाबाद में हूँ, बम्बई की देखा देखी यहाँ भी यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है। आधुनिक होते हुए भी भारतीय संस्कृति की रक्षा यहाँ की नारियाँ ही करेंगी।

भागवत प्रसाद मिश्र ’नियाज’
अहमदाबाद (गुजरात)

Feedback from Brij Kishor Ji...

’सृजन से’ का स्मृति अंक सामने है। मैने इस अंक की तमाम अच्छी पंक्तियों को रेखाँकित किया है और उनमें मेरी प्रति में पहला रेखाँकन सम्पादकीय की - प्राथमिक पंक्तियों पर हुआ। आपको बधाई। पुरा अंक कई दृष्टियांे से उल्लेखनीय है। विशेष रूप से मैं डॉ0 सुवर्ण रावत के संस्मरण, निशा बहुगुणा और मीनू जोशी की कविताओं तथा दुष्यन्त कुमार पर - डा0 शिव ओम अम्बर के लेख से प्रभावित हुआ हूँ। “अभिव्यंजनायें सभी बड़ी अदभुत हैं। द्वितीय पृष्ठ पर स्मृति शेष साहित्यकारों के चित्र देकर आपने अंक की उपयोगिता को और बढ़ा दिया है। अगले अंक का इन्तजार है।

बृजकिशोर सिंह ’किशोर’
फर्रूखाबाद (उ0प्र0)

Feedback from Ghanand Pandey Ji....

जुलाई-सितम्बर 2010 का अंक प्राप्त हुआ। धन्यवाद सहित आभार भी। एक कहावत है ‘‘गौंक लछिन ग्वैठा बटी‘‘ अर्थात किसी गाँव के लक्षण उस गाँव को जाने वाले मार्ग से ही पता लग जाते हैं। कहने का तात्पर्य यही है कि किसी पत्रिका की सफलता प्रथम दृष्ट्या उस की सफल सम्पादकीय है। ‘‘सृजन से‘‘ की सम्पादकीय अपने आप में श्रेष्टता को प्राप्त है। पत्रिका के हृदय में उद्दत समस्त सामग्री यथा-आलेख-कहानी, एकांकी-ग़ज़ल, कविता या फिर कला संस्कृति हो अथवा पत्रिका का कला पक्ष, ये सभी बेजोड़ हैं। डॉ0 शिव ओम ’अम्बर’ का वातायन और श्री धन सिंह मेहता ’अंजान’ की कहानी ‘भरोसे का आदमी‘ आदि सभी कुछ अपने आप में पठनीय हैं। कहीं-कहीं पर प्रूफ में त्रुटियाँ हैं जो आसानी से दूर हो सकती है। मैं पत्रिका की सफलता की कामना करता हूँ और यह भी कामना करता हूँ कि ‘सृजन से‘ समाज का सही मार्गदर्शन करने में सफल एवं सक्षम हो।

घनानन्द पाण्डेय ’मेघ’
लखनऊ (उ0प्र0)

Feedback from Brijendra Agnihotri ji...

’सृजन से’ का अक्टूबर-दिसम्बर 2010 अंक मिला। एक ही बार में पढ़ गया। लाजवाब संपादन, उत्कुष्ट रचना चयन....सच,साहित्य के संगम में डुबकी लगाते हुए कब आलेख, कहानी, ग़ज़ल, कविता, साक्षात्कार व समीक्षा के पड़ाव गुजर गये, पता ही न चला। रचनाकारों को स्मृति में बसाने का नायाब तरीका सीखा मैंने आपसे। दूरभाष पर आपसे वार्ता हुई थी। मधुराक्षर के कुछ पिछले अंक प्रथक डाक से भेज रहा हूँ। मिलने पर प्राप्ति सूचना जरूर दें।

बृजेन्द्र अग्निहोत्री
फतेहपुर(उ0प्र0)

Feedback from Chandra Bhushan Ji...

‘सृजन से‘ पत्रिका का अक्टूबर-दिसम्बर 2010 ’स्मृति अंक’ मिला। धन्यवाद। इस अंक को प्रख्यात कथाकार व पत्रकार मनोहर श्याम जोशी, उत्तराखण्ड के जनकवि गिरीश तिवारी ’गिर्दा’, कवि-पत्रकार कन्हैया लाल नन्दन, छायावादी कवि सुमित्रा नन्दन पंत और हिन्दी ग़ज़ल के आधार स्तम्भ दुष्यन्त कुमार जैसे रचनाकारों की स्मृति पर केन्द्रित करके आपने बहुत अच्छा कार्य किया है। इसके लिए ’सृजन से’ की पूरी टीम बधाई का पात्र है। इस अंक के लेख और कविताएँ भी पठनीय हैं। पत्रिका के नियमित प्रकाशन पर हम सभी की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ।

चन्द्र भूषण
दरियागंज (दिल्ली)